Advertisement Carousel

कंक्रीटीकरण के बाद तेज हुआ नहर का बहाव, मुख्य सड़क पर बह रहा पानी; स्कूल और यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल…

बगीचा जितेन्द्र गुप्ता✍️

कंक्रीटीकरण के बाद तेज हुआ नहर का बहाव, मुख्य सड़क पर बह रहा पानी; स्कूल और यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल

 

बगीचा-कांसाबेल मुख्य सड़क पर महुवाडीह चौक के पास नहर का पानी सड़क पर बहने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा नहर में कंक्रीट लाइनिंग का कार्य कराए जाने के बाद नहर में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। लेकिन मुख्य सड़क के नीचे बने रोड क्रॉसिंग पुलिया की पर्याप्त सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से नहर का पानी सड़क पर फैल रहा है।

बगीचा से करीब 22 किलोमीटर दूर महुवाडीह चौक से गुजरने वाली यह नहर एक व्यस्ततम मुख्य सड़क पर गंभीर खतरा पैदा कर रही है। इस मार्ग पर दिनभर लगातार वाहनों का आवागमन रहता है। सड़क पर पानी का तेज बहाव होने से दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान नहर में पानी बढ़ने पर स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
सड़क पर पानी बहने के साथ ही नहर का पानी सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय में भी प्रवेश कर रहा है। ऐसे में बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। लगातार पानी भरने से प्रतीक्षालय और आसपास का क्षेत्र भी प्रभावित हो रहा है।
स्कूल महज 100 मीटर दूर, बच्चों की सुरक्षा चिंता का विषय


सबसे गंभीर बात यह है कि घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल संचालित हैं। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। सड़क पर तेज बहाव के बीच बच्चों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
कंक्रीट लाइनिंग के बाद निकासी व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर में कंक्रीट लाइनिंग का कार्य होने से पानी का बहाव तेज हो गया है, लेकिन मुख्य सड़क पर नहर के क्रॉसिंग स्थल की पुलिया और आसपास की जल निकासी व्यवस्था को उसी अनुरूप दुरुस्त नहीं किया गया। पुलिया में मिट्टी, कचरा और अन्य अवरोध होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित होकर सड़क पर फैल रहा है।
ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर पुलिया की सफाई कराने, पर्याप्त जल निकासी की व्यवस्था करने तथा सड़क पर नहर का पानी बहने से रोकने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि व्यस्त मुख्य सड़क, यात्री प्रतीक्षालय और स्कूल की मौजूदगी को देखते हुए इस समस्या को नजरअंदाज करना किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

Abtak News 24
Author: Abtak News 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp