पत्थलगांव जितेन्द्र गुप्ता✍️
संकुल गाला एवं डूडुगजोर में पदोन्नत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों का गरिमामय सम्मान समारोह संपन्न
संकुल गाला एवं डूडुगजोर के संयुक्त तत्वावधान में पदोन्नत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने वाले सेवानिवृत्त प्रधान पाठक *श्रीराम भगत,श्री जानकी प्रसाद कंवर, श्री जयकरण सिंह राठिया एवं पदोन्नत शिक्षिका कु आयलिन खाखा* का श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई एवं सम्मान किया गया।
समारोह में विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री जगन्नाथ पाढ़ी, रघुनाथपुर के सीएसी श्री मुकेश यादव सहित संकुल गाला एवं डूडुगजोर के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे। उपस्थितजनों ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के दीर्घ शिक्षकीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने शिक्षकीय जीवन के विविध अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूर्ण करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता एवं जीवन मूल्यों का विकास करना भी है। उन्होंने वर्तमान समय की शैक्षणिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए सभी शिक्षकों से नवाचार, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री जगन्नाथ पाढ़ी ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों का अनुभव शिक्षा विभाग की अमूल्य धरोहर है। उनके अनुभवों से प्रेरणा लेकर वर्तमान शिक्षक शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब सभी शिक्षक सामूहिक भावना, जिम्मेदारी एवं पूर्ण सहभागिता के साथ कार्य करें। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार आधारित शिक्षण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, सम्मान एवं प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। अंत में सभी शिक्षकों ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के दीर्घ, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए उनके अमूल्य योगदान को नमन किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।

























