कुनकुरी ✍️जितेंद्र गुप्ता
कुनकुरी में ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र पर सजी चैतन्य देवियों की भव्य झांकी, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नवरात्रि पर तपकरा रोड, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक कुनकुरी के पीछे स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सेवा केंद्र पर चैतन्य देवियों की भव्य झांकी सजाई गई है। झांकी का शुभारंभ 16 अक्टूबर को हो चुका है। झांकी में चैतन्य देवियों के रूप में मां दुर्गा, मां सरस्वती, मां लक्ष्मी के दर्शन होंगे। यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
राजयोग साधना में रत कन्याएं अलग-अलग देवी स्वरूप में विराजमान होती हैं। वे जड़ मूर्ति जैसी प्रतीत होती हैं। झांकी रोज शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक दर्शन के लिए खुली रहेगी। झांकी 20 अक्टूबर तक चलेगी। धर्मप्रेमी चैतन्य स्वरूपों के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर सकेंगे। देवी स्वरूप में सजी कन्याओं के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और माहौल भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु झांकी का दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद महसूस कर रहे हैं। झांकी से नारी सम्मान, श्रेष्ठ संस्कार, आत्मिक जागृति का संदेश दिया गया है। ब्रह्माकुमारी भारती दीदी ने कहा, नवरात्रि केवल पूजा या व्रत नहीं। यह भीतर की शक्तियां जगाने का अवसर है। देवी-देवता दिव्य गुणों के प्रतीक हैं। सकारात्मक चिंतन से आत्मिक शक्ति बढ़ती है। गायत्री दीदी ने शांति, प्रेम, करुणा, सहनशीलता अपनाने पर जोर दिया। ब्रह्माकुमारी गोमती दीदी ने आत्मनिरीक्षण, आत्म परिवर्तन की बात कही। क्रोध, अहंकार, ईर्ष्या, नकारात्मक विचार छोड़ने का संदेश दिया। अंत में ब्रह्माकुमारी बहनों ने दैवीय गुण अपनाने का आह्वान किया।


























