कुनकुरी ✍️जितेन्द्र गुप्ता
संपर्क स्मार्ट स्कूल की शुरुआत होने से बच्चों एवं पालकों में खुशियों की लहर मुख्यमंत्री एवं संपर्क फाउंडेशन का जताया आभार
कुनकुरी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में शुक्रवार को संपर्क स्मार्ट टीवी एवं संपर्क डिवाइस लगाया गया। सर्वप्रथम बच्चों ने पारंपरिक तरीके से स्मार्ट टीवी एवं डिवाइस का पूजन किया। इसके पश्चात प्रधान पाठक ने स्मार्ट क्लास की शुरुआत की। प्रधान पाठक ने पाठ्य-पुस्तक, अभ्यास कार्य, शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर आधारित विडियो को दिखाया तो बच्चों की खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने कहा पहले हम संपर्क दीदी को सुनकर सीखते थे परंतु अब देखकर सीखेंगे तो और भी मज़ा आएगा, अब हम और आसानी से विषयवस्तु को सरल भाषा में सीख सकेंगे, इसके साथ – साथ शारीरिक गतिविधि भी करेंगे तथा अभ्यास के प्रश्नों को भी आसानी हल कर पाएंगे, आगे उन्होंने कहा कि संपर्क दीदी हमें गीत के साथ कहानी भी सुनाती है। कक्षा 5 वीं की छात्राओं ने कहा संपर्क स्मार्ट टीवी -डिवाइस में हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित विषयों के साथ – साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सामग्री भी है अब हमें तैयारी करना और आसान हो जाएगा।
मुख्यमंत्री एवं संपर्क फाउंडेशन का प्रधान पाठक ने जताया आभार
प्रधान पाठक ने संपर्क स्मार्ट स्कूल हेतु विद्यालय को चयनित करने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान परिदृश्य में तकनीक का प्रयोग शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित करेगा। संपर्क फाउंडेशन के इस पहल के लिए संपर्क फाउंडेशन का आभार जताते हुए कहा कि संस्था ने जशपुर जिले के 50 विद्यालयों में स्मार्ट स्कूल स्मार्ट ब्लॉक स्थापित करने की पहल शुरू की है, पूर्व में भी संपर्क फाउंडेशन द्वारा शिक्षकों को गणित एवं अंग्रेजी विषयों पर आधारित प्रशिक्षण कराई गई थी साथ ही शिक्षण कार्य हेतु सहायक सामग्री गणित एवं अंग्रेजी कीट के साथ अंग्रेजी भाषा को आसानी से बच्चे सीख सकें इस हेतु आडियो डिवाइस प्रदान की गई थी, जिसका लाभ बच्चों को आज भी मिल रहा है, आगे उन्होंने कहा संपर्क स्मार्ट टीवी एवं डिवाइस में विभिन्न प्रकार के विडियो हैं जो सरल भाषा में हैं जिससे बच्चे आसानी से समझते हुए अधिक तीव्रता से सीखेंगे जिससे उनका शारीरिक, बौद्धिक, मानसिक विकास के साथ ही इक्कीसवीं सदी के कौशल विकसित होंगे, इसका उपयोग से राष्ट्रीय पाठ्यचर्या के उद्देश्य एवं नयी शिक्षा नीति के विजन को पूर्ण करने में मदद मिलेगी।।
निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की पूर्ति में होगा सहायक
निपुण भारत मिशन का मुख्य लक्ष्य है 2026-27 तक कक्षा 3 के अंत तक प्रत्येक बच्चे को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता में दक्ष बनाना, इस मिशन के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु शिक्षण सामग्री तैयार की गई है जिसे सीखकर बच्चे लक्ष्य की पूर्ति आसानी से कर सकेंगे।
पालकों ने कहा अब और अच्छी तरह से सीखेंगे बच्चे
जब बच्चों ने पालकों को बताया कि हमारा विद्यालय अब स्मार्ट स्कूल बन गया है तो पालकों ने भी शाला का भ्रमण कर, संपर्क स्मार्ट क्लास को समझा। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब बच्चे रोचकता के साथ नयी शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करते हुए अधिक तीव्रता से सीखेंगे। अंत में पालकों ने मुख्यमंत्री एवं संपर्क फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।।
























