पत्थलगांव ✍️जितेन्द्र गुप्ता
आत्मीय मिलन, सकारात्मक आश्वासन और शिक्षा के नए संकल्प– सहायक शिक्षक फेडरेशन
सहायक शिक्षक फेडरेशन पत्थलगांव का एक प्रतिनिधि मंडल, विकासखंड अध्यक्ष यशवंत यादव के सशक्त नेतृत्व में, नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य से शिष्टाचार भेंट हेतु पहुँचा। इस अवसर पर संघ के समस्त पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं शुभकामना संदेश अर्पित कर, उनके उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामना व्यक्त की।
सौजन्य भेंट केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर, शिक्षकों एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अनेक गंभीर विषयों पर सार्थक विमर्श में परिवर्तित हो गई। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में—
• GPF पासबुक का नियमित संधारण और पारदर्शिता
• पूर्व की NPS कटौती की राशि शिक्षकों को लौटाने की पहल
• सर्विस बुक का अद्यतन एवं अभिलेख व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण
• शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु ठोस एवं नवाचारी प्रयास
इन सभी मुद्दों पर श्री आर्य जी ने धैर्यपूर्वक विचार सुनते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और शिक्षा जगत को नई ऊर्जा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
संघ के सदस्यों से स्नेहपूर्वक मिलते हुए उन्होंने शिक्षक समाज के योगदान की सराहना की और शिक्षा के मानक ऊँचे उठाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
आज का यह संवाद और सौहार्दपूर्ण मिलन न केवल सकारात्मक संकेत देता है, बल्कि आने वाले समय में शिक्षक और प्रशासन के बीच सहयोग की नई परंपरा का सूत्रपात भी करता है।
सहायक–समग्र शिक्षक फेडरेशन, पत्थलगांव
























