पत्थलगांव✍️जितेंद्र गुप्ता
मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत तहसीलदार प्रांजल मिश्रा ने किया स्कूलों का निरीक्षण
विद्यार्थियों को किया प्रेरित, शिक्षण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के शिक्षकों को दिए निर्देश
तमता। पत्थलगांव विकासखंड स्थित शासकीय माध्यमिक शाला बालाझर एवं नागर पखना का भ्रमण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान श्री मिश्रा ने शिक्षकों को शासन द्वारा विद्यार्थियों को प्रदत्त समस्त शैक्षणिक सुविधाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा शिक्षण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभाओं को निखारकर और कमियों में सुधार कर एक सशक्त भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त शासकीय शालाओं में सामाजिक अंकेक्षण का कार्य पूर्ण किया गया है। अंकेक्षण के प्राप्त परिणामों के आधार पर विद्यालयों की ग्रेडिंग की गई है, जिसके अंतर्गत जशपुर जिले में डी-ग्रेड चिन्हांकित शालाओं के लिए जिला स्तरीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की टीमें गठित की गई हैं।
इसी क्रम में तहसीलदार प्रांजल मिश्रा पत्थलगांव विकासखंड की शासकीय माध्यमिक शाला बालाझर व नागर पखना की दोनों स्कूलों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षण के दौरान संकुल प्रभारी श्याम लाल साय पंडरी पानी के संकुल समन्वयक श्रीमती शोभा शर्मा एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण प्रक्रिया, विद्यार्थियों की उपलब्धियां, आधारभूत सुविधाएं एवं शिक्षक उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण संकेतकों के आधार पर ग्रेडिंग की जा रही है। यह पहल शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे अपेक्षित गुणवत्ता तक नहीं पहुंच पा रहे विद्यालयों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
























