पत्थलगांव ✍️जितेन्द्र गुप्ता
पत्थलगांव में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का प्रशिक्षण प्रारंभ
पत्थलगांव। भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम पत्थलगांव में प्रारंभ किया गया है। जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण के अंतर्गत 01 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा।
इस कार्य के सफल संचालन के लिए प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 14 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पत्थलगांव में आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के संचालन एवं व्यवस्था के लिए विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें प्रो. टी.आर.ओ. पाटले , डी.डी. बारके , अर्जुन रत्नाकर सहित अन्य कर्मचारियों को फील्ड ट्रेनर के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना प्रक्रिया की पूरी जानकारी देकर कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराना है।
























