रायगढ़ जितेन्द्र गुप्ता✍️
ऑपरेशन क्लीन हंट : ट्रेलर डकैतीकांड का फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार
तमनार पुलिस की बड़ी सफलता, 10 माह से फरार वारंटी अजय गोस्वामी दबोचा गया
हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार, एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में फरार चल रहे आरोपी एवं वारंटी अजय गोस्वामी (32 वर्ष) निवासी कुसमुंडा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि आरोपी अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल नौ आरोपियों के समूह में शामिल था, जिन्होंने पांच ट्रेलर वाहनों में लूटपाट कर वाहनों को ओडिशा ले जाकर छिपा दिया था। घटना के 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी एवं एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। फरारी के दौरान आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया था, जिस पर गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था।
थाना तमनार पुलिस द्वारा पूर्व में भी आरोपी की तलाश में दो बार उसके निवास स्थान पर दबिश दी गई थी, किंतु वह पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा।
एसएसपी शशि मोहन के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। मुखबिर से आरोपी के गांव आने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 18 अगस्त 2025 को प्रार्थी संजय पटेल निवासी रायगढ़ ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने एसबीआई कोरबा शाखा से नीलामी में चार ट्रेलर वाहन खरीदे थे, जो सुगोई ट्रांसपोर्ट में परिचालित थे। 18 अगस्त की रात तमनार क्षेत्र के हुंकराडीपा के पास अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रेलर वाहन को लूट लिया तथा चालक एवं अन्य ड्राइवरों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए थे।
जांच विवेचना दौरान पुलिस को पता चला कि घटना का मुख्य षड्यंत्रकारी ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी था। थाना तमनार में अपराध क्रमांक 170/2025 धारा 309(4), 309(6), 309(7) एवं जोड़ने धारा 310(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस टीम ने तत्काल जिले सहित ओडिशा में भी दबिश दी और हमीरपुर (ओडिशा) स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप खेत में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद किए। कार्रवाई के दौरान अमन गोस्वामी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी स्विफ्ट कार एवं कैम्पर वाहन में सवार होकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। घटना में पांच से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 310(2) BNS भी जोड़ी गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चार ट्रेलर वाहन, चार मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई थी।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
1. अमन गोस्वामी (28 वर्ष), कुसमुण्डा, कोरबा
2. नारद गोस्वामी (57 वर्ष), कुसमुण्डा, कोरबा
3. जितेन्द्र गिरी (38 वर्ष), बाजीपाली, सुंदरगढ़ (ओडिशा)
4. मनीष प्रकाश केंवट (28 वर्ष), शिलादेही, जांजगीर-चांपा
5. लेखराम केंवट (24 वर्ष), केशला, जांजगीर-चांपा
6. रामरतन पटेल (27 वर्ष), मोहाडीह, जांजगीर-चांपा
7. कुंजराम पटेल (30 वर्ष), शिलादेही, जांजगीर-चांपा
पूर्व में बरामद संपत्ति
चार ट्रेलर वाहन – ₹1,50,00,000
चार मोबाइल फोन – ₹24,000
स्विफ्ट डिजायर कार CG 12 AP 1298 – ₹6,00,000
कुल बरामद संपत्ति – ₹1,56,24,000
आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत एवं आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की सराहनीय भूमिका रही।


























