पत्थलगांव जितेन्द्र गुप्ता✍️
जश-लर्न मिशन से गणित सीखेंगे सरकारी स्कूलों के बच्चे, मोबाइल बनेगा गुरु – पत्थलगांव में संकुल समन्वयकों का प्रशिक्षण संपन्न
शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को गणित विषय में दक्ष बनाने तथा बुनियादी संख्यात्मक क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जश-लर्न मिशन के अंतर्गत आज विकासखंड पत्थलगांव में समस्त संकुल समन्वयकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में बताया गया कि अब विद्यालय समय के बाद भी विद्यार्थी मोबाइल फोन के माध्यम से गणित की व्यक्तिगत कोचिंग प्राप्त करेंगे, जिससे कोई भी बच्चा गणित सीखने से वंचित नहीं रहेगा।
प्रशिक्षण में संकुल समन्वयकों को कार्यक्रम की कार्यप्रणाली, विद्यार्थियों के चयन, अभिभावकों की सहभागिता तथा मोबाइल आधारित शिक्षण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति आत्मविश्वास विकसित करना, उनकी बुनियादी अवधारणाओं को मजबूत करना तथा सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाना है।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर महोदय ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया तथा संकुल समन्वयकों को संबोधित करते हुए कहा कि जश-लर्न मिशन शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण गणित शिक्षा पहुँचाई जाएगी। उन्होंने सभी संकुल समन्वयकों को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग, विद्यार्थियों की प्रगति पर सतत निगरानी तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत के जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री कमलेश कुमार यादव, विकासखंड स्रोत समन्वयक (बीआरसी) तथा विकासखंड के समस्त संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि जश-लर्न मिशन के प्रभावी संचालन से सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी गणित विषय में अधिक दक्ष बनेंगे, उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा सीखने के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। यह पहल विकासखंड पत्थलगांव में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

























