धमतरी जितेन्द्र गुप्ता✍️
राहवीर योजना : सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले बनें जीवनदाता, पाएं 25,000/-रूपये का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र”*ल
एसपी धमतरी के निर्देशन में धमतरी पुलिस का सतत जनजागरूकता अभियान, राहवीर (गुड समेरिटन) योजना की दी जा रही विस्तृत जानकारी”
गोल्डन ऑवर में आपकी एक पहल बचा सकती है किसी की जिंदगी, मदद करने वालों को कानून देगा सुरक्षा और सरकार करेगी सम्मान”
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में राहवीर (गुड समेरिटन) योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, वाहन चालकों, व्यापारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों तथा सामाजिक संगठनों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा उन्हें केंद्र सरकार की राहवीर योजना एवं गुड समेरिटन कानून के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

धमतरी पुलिस द्वारा बताया जा रहा है कि सड़क दुर्घटना के बाद का प्रथम एक घंटा (गोल्डन ऑवर) अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायल व्यक्ति को समय पर प्राथमिक सहायता एवं अस्पताल में उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है कि दुर्घटना देखकर मूकदर्शक बनने के बजाय मानवता का परिचय देते हुए घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता करें।
अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि राहवीर (गुड समेरिटन) वह व्यक्ति होता है, जो बिना किसी स्वार्थ, पुरस्कार या पहचान की अपेक्षा किए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करता है, उसे प्राथमिक उपचार दिलाने में सहयोग करता है अथवा शीघ्र अस्पताल पहुँचाता है।
धमतरी पुलिस आमजन को यह भी जानकारी दे रही है कि मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत गुड समेरिटन कानून लागू किया गया है, जिसके अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिक को किसी भी प्रकार की अनावश्यक कानूनी, पुलिस अथवा न्यायिक कार्यवाही का सामना नहीं करना पड़ता। अस्पताल या पुलिस ऐसे व्यक्ति को अनावश्यक रूप से रोक नहीं सकते तथा उसकी व्यक्तिगत जानकारी भी उसकी इच्छा के बिना सार्वजनिक नहीं की जा सकती। इससे आम नागरिक बिना किसी भय के दुर्घटना पीड़ितों की सहायता कर सकते हैं।
अभियान के दौरान नागरिकों को राहवीर योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया जा रहा है कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, तो भारत सरकार द्वारा उसे 25,000/- रूपये (पच्चीस हजार रुपये) का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त वर्षभर में चयनित सर्वश्रेष्ठ राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने एवं 1,00,000/- रूपये तक के विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान है।
धमतरी पुलिस द्वारा लोगों को यह भी बताया जा रहा है कि दुर्घटना की सूचना तत्काल 112, 108 एम्बुलेंस सेवा अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें, घायल को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर आवश्यक सहायता प्रदान करें तथा यथाशीघ्र निकटतम अस्पताल पहुँचाने में सहयोग करें। आपकी छोटी-सी संवेदनशीलता और समय पर उठाया गया कदम किसी परिवार की खुशियां बचा सकता है।
धमतरी पुलिस द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैंड, ग्राम पंचायतों, यातायात चेकिंग प्वाइंट तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पंपलेट वितरण, पोस्टर, जनसंवाद, जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य माध्यमों से राहवीर योजना का लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस योजना की जानकारी प्राप्त कर दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आएं।
पुलिस अधीक्षक धमतरी ने जिलेवासियों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल सहायता के लिए आगे आएं। आपकी तत्परता किसी अनमोल जीवन को बचा सकती है। धमतरी पुलिस सदैव आपके साथ है और मानवता के इस कार्य में सहयोग करने वाले प्रत्येक नागरिक का सम्मान करती है।
धमतरी पुलिस की अपील
सड़क दुर्घटना देखकर मूकदर्शक न बनें।
तुरंत 112 या 108 पर सूचना दें।
घायल को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुँचाने में सहयोग करें।
गुड समेरिटन कानून आपको पूर्ण कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है।
राहवीर बनें, जीवन बचाएं और मानवता का परिचय दें।


























