कांसाबेल✍️जितेन्द्र गुप्ता
तीन दिन से अंधेरे में रह रहे ग्रामीणों को मिली रोशनी, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय की पहल से बदला गया खराब ट्रांसफार्मर
कांसाबेल। कांसाबेल तहसील क्षेत्र के ग्राम मुड़ाटोली के ग्रामीणों को तीन दिनों से जारी बिजली संकट से आखिरकार राहत मिल गई। गांव में लगा 63 केवी का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरा गांव अंधेरे में था और ग्रामीणों को रातें बिना बिजली के गुजारनी पड़ रही थीं।बिजली की समस्या से परेशान ग्रामीण अपनी समस्या लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के पास पहुंचे और तत्काल समाधान की मांग रखी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सालिक साय ने तत्काल विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क कर समस्या से अवगत कराया तथा खराब ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने के निर्देश दिए।जिला पंचायत अध्यक्ष की पहल के बाद विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए गांव में खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदल दिया। ट्रांसफार्मर बदलने के बाद गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई और तीन दिनों से अंधेरे में रह रहे ग्रामीणों को राहत मिली।
ग्रामीणों ने समस्या का त्वरित निराकरण होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों की समस्या पर तत्काल एक्शन बना राहत का कारण

मुड़ाटोली में बिजली व्यवस्था बहाल होने से ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। खराब ट्रांसफार्मर के कारण जहां घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा था, वहीं रात के समय ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में समस्या की जानकारी मिलते ही तत्काल पहल कर ट्रांसफार्मर बदलवाना ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।

























