पत्थलगांव ✍️जितेन्द्र गुप्ता
छठ महापर्व की तैयारी में जुटा भोजपुरी समाज, पूरन तालाब घाट की सफाई और सजावट में रोजाना जुट रहे कार्यकर्ता

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पत्थलगांव में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। भोजपुरी समाज के कार्यकर्ता इन दिनों पूरन तालाब घाट की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं। रोजाना सुबह बड़ी संख्या में समाज के सदस्य तालाब परिसर में एकत्रित होकर श्रमदान कर रहे हैं। घाट की सफाई के साथ ही आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां भी की जा रही हैं।प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व 15 एवं 16 नवंबर को पत्थलगांव नगर के विभिन्न तालाबों एवं नदी घाटों पर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इनमें जशपुर रोड स्थित ग्राम पंचायत पालीडीह का पूरन तालाब विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा, जहां बड़ी संख्या में छठ व्रती एवं श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय भी प्रतिवर्ष छठ घाट पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। छठ महापर्व के अवसर पर भोजपुरी समाज द्वारा विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बाइक रैली निकाली जाएगी। इसी दिन अपराह्न 3 बजे से शाम 7 बजे तक श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की पैदल यात्रा आयोजित होगी। वहीं 16 नवंबर को सुबह 4 बजे से 7 बजे तक श्रद्धालुओं की पैदल यात्रा एवं पूजा संबंधी आयोजन होंगे। भोजपुरी समाज के अध्यक्ष धनंजय तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है। समाज के सभी कार्यकर्ता मिलकर घाट को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने में जुटे हैं। उन्होंने प्रशासन एवं नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगा।




























