जशपुर जितेन्द्र गुप्ता✍️
श्वसन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रदेश के सरगुजा संभाग के जिला अस्पताल जशपुर में प्रथम रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन का शुभारंभ
1. जिला अस्पताल जशपुर में श्वसन (Respiratory) रोगों के बेहतर प्रबंधन एवं स्वास्थ्य कर्मियों –मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स आदि की क्षमता वृद्धि के उद्देश्य से रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन का शुभारंभ डॉ. अनिल शुक्ला – संभागीय संयुक्त संचालक सरगुजा के द्वारा दिनांक 23.7. 2026 को किया गया।
इस अवसर पर डॉ अनिल शुक्ला ने कहा कि रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को श्वसन संबंधी आपातकालीन एवं नियमित चिकित्सकीय प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
इस पहल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं समयबद्ध श्वसन देखभाल सुनिश्चित करना तथा रोगियों के उपचार परिणामों में सुधार लाना है।
रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन में ऑक्सीजन थेरेपी, पल्स ऑक्सीमेट्री, ऑक्सीजन डिलीवरी डिवाइसों का उचित उपयोग, एयरवे मैनेजमेंट, नेबुलाइजेशन, ऑक्सीजन सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक श्वसन देखभाल प्रक्रियाओं का सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

इससे स्वास्थ्य कर्मियों की तकनीकी दक्षता, निर्णय क्षमता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्य करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान स्किल स्टेशन की प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया गया तथा स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित चिकित्सा विशेषज्ञों ने कहा कि इस प्रकार की पहलें स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा रोगियों को बेहतर एवं सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, हॉस्पिटल मेनेजर , नर्सिंग अधिकारी, बायो मेडिकल इंजिनियर , पैरामेडिकल स्टाफ एवं विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
रेस्पिरेटरी स्किल स्टेशन का शुभारंभ स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता निर्माण, गुणवत्तापूर्ण श्वसन देखभाल को बढ़ावा देने तथा रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
























