पत्थलगांव ✍️जितेन्द्र गुप्ता
भोजपुरी समाज ने निकाली भव्य बाइक रैली, भगवामय हुआ शहर
जय छठी मैया और सूर्य देव के जयकारों से गूंजा पत्थलगांव, युवाओं ने हनुमान चालीसा का किया पाठ

पत्थलगांव। छठ महापर्व के अवसर पर भोजपुरी समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।आज रविवार को सांध्य अर्घ्य से पूर्व भोजपुरी समाज के युवाओं एवं पदाधिकारियों ने शहर में भगवा ध्वजों के साथ भव्य बाइक रैली निकाली। जय छठी मैया और सूर्य देव भगवान के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।जानकारी के अनुसार, भोजपुरी समाज के युवा एवं पदाधिकारी सुबह 10 बजे हरियाणा पंचायती धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां से बाइक रैली प्रारंभ हुई, जो रायगढ़ रोड होते हुए अंबिकापुर रोड, पुरानी बस्ती एवं प्रेमनगर छठ घाट पहुंची। इसके बाद रैली पूरन तालाब स्थित छठ घाट पहुंची। यहां हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
रैली के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भगवा झंडों से सजी बाइक रैली और धार्मिक जयकारों ने शहर में छठ महापर्व की भक्ति और उल्लास का वातावरण बना दिया।

गौरतलब है कि छठ महापर्व के तहत आज शाम 3 बजे से ही व्रती श्रद्धालुओं एवं परिजनों का छठ घाटों पर पहुंचना शुरू हो जाएगा। श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को सांध्य अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।

पत्थलगांव पुलिस की रही बेहतर व्यवस्था रैली के आगे आगे पुलिस व्यवस्था बनाते चलती रही।




























