Advertisement Carousel

पत्थलगांव क्षेत्र में बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका, कृषि विभाग ने किसानों को किया सतर्क फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर 14447 पर दें सूचना….

पत्थलगांव✍️ जितेन्द्र गुप्ता 

पत्थलगांव क्षेत्र में बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका, कृषि विभाग ने किसानों को किया सतर्क

फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर 14447 पर दें सूचना, बीमा नहीं कराने वाले किसान आरबीसी 6-4 के तहत कर सकते हैं मुआवजे के लिए संपर्क

पत्थलगांव, 21 नवंबर 2026। पत्थलगांव क्षेत्र में इन दिनों हो रही बेमौसम बारिश को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा किसानों को सतर्क रहने तथा फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। बेमौसम बारिश एवं अतिवृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलों, कटाई के बाद खेतों में रखी फसल (करपा) तथा खेतों में जलभराव से फसल को नुकसान होने की आशंका है।

कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित किसानों से अपील की है कि यदि बेमौसम बारिश, चक्रवात अथवा अतिवृष्टि के कारण फसल को नुकसान होता है, तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 14447 पर दें। फसल नुकसान की सूचना घटना के 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है।

योजना के तहत कटाई के बाद खेत में रखी फसल (करपा) को कटाई से 14 दिनों तक बेमौसम बारिश एवं चक्रवात के कारण नुकसान होने पर भी बीमा दावा किया जा सकता है। इसके अलावा अतिवृष्टि के कारण खेतों में जलभराव से फसल क्षति होने की स्थिति में भी किसान सूचना दर्ज करा सकते हैं।

 

किसानों को सूचना दर्ज कराते समय अपना नाम, मोबाइल नंबर, ग्राम का नाम, खसरा नंबर, बीमित फसल, पॉलिसी नंबर, नुकसान का कारण एवं नुकसान होने की तारीख की जानकारी तैयार रखनी होगी।

फसल क्षति की सूचना प्राप्त होने के बाद 48 घंटे के भीतर सर्वेयर नियुक्त करने, 10 दिनों के भीतर सर्वेक्षण पूर्ण करने तथा पात्रता के अनुसार 15 दिनों के भीतर दावा राशि सीधे किसान के बैंक खाते में अंतरित करने की प्रक्रिया निर्धारित है। किसान क्रॉप इंश्योरेंस मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक वेबसाइट pmfby.gov.in के माध्यम से भी फसल क्षति की सूचना दर्ज करा सकते हैं।

अनुविभागीय कृषि अधिकारी आर.के. पैंकरा ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि बेमौसम बारिश से फसल को नुकसान होने पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दर्ज कराएं। जिन किसानों ने फसल बीमा नहीं कराया है, वे फसल क्षति के संबंध में आरबीसी 6-4 के अंतर्गत नियमानुसार नुकसान की भरपाई हेतु अपने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क करें। किसानों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि प्रभावित फसलों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Abtak News 24
Author: Abtak News 24

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माणाधीन सड़कों और भवनों का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के अमानक कार्य पर उप अभियंता को किया निलंबित, सड़क निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी….