पत्थलगांव ✍️जितेंद्र गुप्ता
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
पत्थलगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड पत्थलगांव में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, मंडल अध्यक्ष, एसएमसी अध्यक्ष एवं सदस्य, शिक्षकगण तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एवं बढ़-चढ़कर सहभागिता की। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास एवं प्रभावी अभिव्यक्ति के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित विद्यार्थी जिला स्तर पर विकासखंड पत्थलगांव का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं एसएमसी सदस्यों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सभी के सहयोग एवं सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


























